राष्ट्रीय वृद्धजन देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को जिला चिकित्सालय सीहोर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक जिला चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर के पीछे स्थित भवन में किया जाएगा।
शिविर में 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें। विभाग द्वारा नागरिकों से शिविर की जानकारी अपने आसपास के वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाने की अपील भी की गई है, ताकि अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
