सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘ सेवा मेरा योगदान ’ कार्यक्रम के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत निःशुल्क वृद्धजन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी शामिल हुए और वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य एवं सम्मानपूर्ण जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “ सक्रिय वृद्धावस्था, स्वस्थ भारत की पहचान ” के संदेश का उल्लेख करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि हमारे वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन की सीख आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वरिष्ठजनों की सेवा, उनके स्वास्थ्य की चिंता और उन्हें सम्मानपूर्ण एवं सक्रिय जीवन उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

शिविर में वरिष्ठजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के साथ नेत्र रोग जाँच, मेडिसिन विभाग जाँच, हड्डी रोग परीक्षण, फिजियोथेरेपी, पुनर्वास तथा आवश्यकता अनुसार गृह-आधारित देखभाल, आवश्यक दवाई जैसी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

वृद्धजन शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को पुष्प गुच्छ से सम्मानित करते हेल्थ संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने हेतु हेल्थ डायरी भी प्रदान की गई।

सांसद श्री लालवानी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और संवेदना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठजनों के स्वस्थ, सम्मानपूर्ण और सक्रिय जीवन के लिए किए जाने वाले प्रयास सच्ची सेवा का उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज का यह स्वास्थ्य शिविर इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।