उमरिया 4 अक्टूबर। प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना विकसित करने के उद्देश्य से लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक सांदीपनि सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के निर्मित एवं निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालयों का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा निरीक्षण के लिए विशेष दलों का गठन किया गया है।

इन दलों में लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकृत प्रतिनिधि, संबंधित निर्माण एजेंसी एवं ईपीसीओ के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित परियोजना प्रतिनिधि, स्थानीय निकाय के अध्यक्ष अथवा अधिकृत प्रतिनिधि तथा शाला प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। निरीक्षण दलों द्वारा प्रतिदिन न्यूनतम दो सांदीपनि विद्यालयों का स्थल निरीक्षण किया जाएगा।

इस दौरान भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति का भौतिक सत्यापन करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता, कार्य पूर्णता की स्थिति तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा होने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन, कक्ष-कक्षाएं, प्रशासनिक कक्ष, प्रयोगशालाएं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, फर्नीचर सहित विद्यार्थियों के लिए आवश्यक अन्य सुविधाओं की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की भी समीक्षा होगी।

लोक शिक्षण संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बने। निरीक्षण के बाद निर्धारित प्रारूप में विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा, जिसमें कमियों, आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तथा कार्य पूर्ण करने की अपेक्षित समय-सीमा का उल्लेख किया जाएगा।

शासन द्वारा सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।