मध्य प्रदेश शासन की एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत शिवपुरी जिले की पहचान मूंगफली उत्पादन से है।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद - भारतीय मूंगफली अनुसंधान संस्थान, जूनागढ़ (गुजरात) एवं राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी और रामसा एग्रो के संयुक्त तत्वाधान में 01 अक्टूबर 2026 को विकासखंड करैरा की ग्राम पंचायत ममौनी कलां में कृषकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय मूंगफली अनुसंधान संस्थान जूनागढ़ के 48वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आयोजित किया गया।
कृषक संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने बताया कि खरीफ 2026 में लगाए गए अग्रिम पंक्ति प्रदर्शनों तथा आगामी योजनाओं के तहत मूंगफली सीडहब के माध्यम से शिवपुरी जिले के किसानों को उन्नत किस्मों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे जिले में बीज प्रतिस्थापन दर बढ़ेगी और किसान स्वयं उन्नत बीज उत्पादन कर सकेंगे।
प्रशिक्षण में मूंगफली उत्पादन हेतु उन्नत प्रजातियों के चयन, बीज उपचार, पोषक तत्व प्रबंधन हेतु संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा समन्वित पौध संरक्षण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ वैज्ञानिकों के भ्रमण और योजनाबद्ध प्रयासों का दिख रहा असर यह पहल विगत वर्ष भारतीय मूंगफली अनुसंधान संस्थान जूनागढ़ के निदेशक डॉ.एस.के.बेरा, कृषि महाविद्यालय ग्वालियर के वैज्ञानिक (पादप प्रजनन) डॉ. रावेन्द्र सिंह सिकरवार एवं कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के वैज्ञानिकों की टीम द्वारा जिले के सघन भ्रमण के उपरांत तैयार की गई दूरदर्शी कार्ययोजना का परिणाम है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य शिवपुरी की मूंगफली को देश भर में विशेष पहचान दिलाना और प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि करना है। पराली न जलाने हेतु कृषकों को किया गया जागरूक कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के दृष्टिकोण से किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी तथा पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार के निर्देशन में वरिष्ठ वैज्ञानिक (सस्य विज्ञान) डॉ.एम.के.भार्गव, वैज्ञानिक डॉ.पुष्पेन्द्र सिंह तथा रामसा एग्रो के कार्यकारी अधिकारी श्री संजय पहारिया की टीम ने कृषकों का मार्गदर्शन किया। आयोजित प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ममौनी कलां के जनप्रतिनिधियों, प्रगतिशील कृषक श्री विनोद मिश्रा सहित 60 से अधिक कृषक बंधुओं ने सक्रिय सहभागिता की और मूंगफली उत्पादन की आधुनिक तकनीकों को अपनाया।
