मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों के विकास में कोई कसर नहीं रहेगी। नागरिकों की सुख - सुविधाओं और जिलों का द्रुत गति से विकास शासन की प्राथमिकता है। पांढुर्णा जिले के विकास को और गति दी जाएगी। यहां के युवाओं को उद्योगों और रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, एग्रीकल्चर पर काम किया जाएगा, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम डिज़ाइन किए जाएंगे। हमारे बच्चे, युवा खूब पढ़ें और आगे बढ़ें। यहां पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को और बढ़ाएंगे। पांढुर्णा जिले के विकास में कोई भी बाधा नहीं आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। बैठक का आयोजन सांदीपनी विद्यालय पांढुर्णा में किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने बताया कि पांढुर्णा जिले के नवीन निर्माण कार्यों की स्वीकृतियां भी लगातार जारी की जा रही हैं। उन्होंने पांढुर्णा जिले के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह सब देने के लिए जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्यों को आश्वत किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों में प्रगति की भी जानकारी प्राप्त की और तीव्र गति से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य छिंदवाड़ा - पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़, पांढुर्णा विधायक श्री निलेश ऊईके और सौंसर विधायक श्री विजय रेवनाथ चौरे ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अशासकीय सदस्यों के साथ ही जबलपुर संभाग के आयुक्त श्री धनंजय सिंह, आईजी जबलपुर श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री नीरज वशिष्ठ, डीआईजी श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दी जिले के विकास की जानकारी -
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पांढुर्णा जिले के विकास और उपलब्धियों के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री नीरज वशिष्ठ ने बताया कि जिले में अभी तक 112 करोड़ रूपये के विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनमें मुख्य रूप से सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर जामसांवली हनुमान लोक के प्रथम चरण का निर्माण कार्य शामिल है। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सांदीपनी प्राथमिक शाला पांढुर्णा को स्कूल सर्टिफिकेशन योजना के अंतर्गत गोल्ड अवॉर्ड प्रदान किया गया है। सांदीपनि विद्यालय सौंसर में 1654 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिले में कुल 248 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्य प्रचलित हैं, जिनमें विभिन्न शासकीय कार्यालयों, सड़क, पुल, नलजल योजनाओं के कार्य शामिल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ.यादव को लोकहित परिसर नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन पांढुर्णा के प्रस्तावित एलिवेशन का भी अवलोकन कराया। साथ ही जिले के नवाचार "अपने बच्चे अपनी शाला" अभियान से अवगत कराया।
हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद मासिक आय हुई दोगुनी -
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद से यहां की औसत मासिक आय 25 लाख रूपये से बढ़कर 60 लाख रूपये हो गई है। प्रथम फेज़ में हनुमान लोक की 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, प्राप्त आय का उपयोग मंदिर और श्रद्धालु सुविधाओं के विकास एवं रख - रखाव में किया जा रहा है।


