कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली के दिशा-निर्देशानुसार जन शिक्षण संस्थान श्योपुर द्वारा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्राम चकबमूलिया में महिलाओं एवं किशोरियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सैनिटरी पैड वितरण एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गांव की जरूरतमंद महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के उचित उपयोग एवं सुरक्षित निपटान सहित स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संस्थान की सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती कुसुम जादौन ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उचित स्वच्छता अपनाने से संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में उचित चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों एवं ग्रामीणों से बेटियों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद करने तथा उन्हें सही जानकारी और सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
संस्थान की सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रिती भार्गव ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं एवं किशोरियों के जीवन का सामान्य और प्राकृतिक हिस्सा है। इसके संबंध में सही जानकारी होना तथा स्वच्छता का ध्यान रखना अच्छे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं एवं किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती संतोष बाई बैरवा सहित ग्राम की महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।




