लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में अनुभवात्मक एवं व्यावहारिक अधिगम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्योपुर की टीम छह दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर अहमदाबाद पहुंची है। यह भ्रमण 26 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, इतिहास, संस्कृति, स्थापत्य कला एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जा रहा है।
विद्यार्थियों द्वारा साइंस सिटी, साबरमती आश्रम, साबरमती रिवरफ्रंट, अदालज की बावड़ी, अक्षरधाम मंदिर तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा एवं पुस्तकों तक सीमित ज्ञान से आगे ले जाकर प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना है।
विभिन्न स्थलों पर विद्यार्थी उनके ऐतिहासिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझते हुए अपने अनुभवों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ रहे हैं।
भ्रमण दल के मार्गदर्शक शिक्षक श्री सोनू जैन एवं श्रीमती रूबी कलावत हैं, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी निर्धारित स्थलों का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता, रचनात्मक सोच और सीखने की रुचि विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अहमदाबाद का यह शैक्षणिक प्रवास विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं यादगार अनुभव बन रहा है।





