मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सातवां कार्यक्रम शनिवार को रामपुर बघेलान जनपद पंचायत के सभागार में जन संवाद, जनसुनवाई, उद्योग संवाद की गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रत्यक्ष जनसुनवाई में 71 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई तथा विकासखण्ड में पूर्व की लंबित 8159 कुल सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में से 6101 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया।

इसके पूर्व जिला मुख्यालय सतना के कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी एक वाहन (ट्रेवलर) में बैठकर रामपुर बघेलान के लिए रवाना हुए।

रामपुर बघेलान पहुंचकर जनपद पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर, एसपी और डीएफओ सहित विभाग प्रमुख अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया तथा स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई में आये लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कार्यक्रम में विधायक रामपुर बघेलान श्री विक्रम सिंह, जनपद अध्यक्ष रावेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल सिंह सहित एसडीएम संदीप श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते, एसडीओपी श्री दीक्षित, टीआई संदीप चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला, एलडीएम गौतम शर्मा, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत गौरव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत रामपुर बघेलान के कार्यक्रम में कलेक्टर ने हितग्राही मूलक स्वरोजगार और रोजगार की योजनाओं की विभागीय अधिकारी तथा बैंकर्स के साथ संपन्न हुई बीएलबीसी बैठक के निर्णयों की समीक्षा की। विभागों को लक्ष्यानुसार प्रकरणों में ऋण स्वीकृत और वितरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिये। एलडीएम गौतम शर्मा ने बताया कि उद्यम संवाद के दौरान रामपुर बघेलान क्षेत्र में 15 नये बैंक कियोस्क स्थापित करने की सहमति बनी है।

जिला उद्योग केन्द्र के मैनेजर आरएल पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के क्रम में सेमरा-वीदा गांव में 10 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन किया गया है। मुख्यमंत्री उद्यम योजना में 18 हितगा्रहियों को लाभांवित किया गया है। उद्यम संवाद के उपरांत कलेक्टर ने विभाग प्रमुख अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के लिए भेजकर अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान वस्तु स्थिति और पाई गई कमियों के बारे में संबंधित विभागीय अधिकारी अपना प्रतिवेदन सोमवार की दोपहर तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान सभी विभागों ने उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का मौके पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण की कार्यवाही की। जनसुनवाई में 71 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 6101 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।

शिविर के पूर्व विकासखण्ड रामपुर बघेलान में सभी विभागों की कुल 8159 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी। जिनमें 6101 शिकायतों की मौके पर निराकरण के पश्चात 2058 शिकायतें शेष रही है। सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में रामुपर बघेलान तहसील का प्रदेश स्तर पर 22वां स्थान रहा है।

कलेक्टर ने निर्माणाधीन परियोजना कार्यो का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रामपुर तहसील कार्यालय के सभागार में आयोजित शिविर के उपरांत विधायक श्री विक्रम सिंह के साथ कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने संबंधित अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन सर्किट हाउस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 100 बिस्तरीय अस्पताल के निर्माणाधीन कार्यों और सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष श्री रावेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने अधीनस्थ संस्थाओं का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत रामपुर बघेलान में जिला अधिकारियों ने अपनी अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण किया।इसी क्रम में जिला प्रबंधक लोकसेवा ऋतुराज मिश्रा ने लोक सेवा केंद्र रामपुर बघेलान का निरीक्षण किया। इसी प्रकार सहायक संचालक श्याम किशोर द्विवेदी और सीडीपीओ श्वेता जुनेजा ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 14 रामपुर बघेलान का निरीक्षण किया।