कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर द्वारा कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने तथा ईपीएफओ सदस्यों एवं अंशदाताओं को सहज एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार, जो अवकाश का दिवस होता है, “निधि मित्र” (Nidhi Mitra) सेल की शुरुआत की गई है। यह सुविधा क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर तथा इसके अधीनस्थ तीन जिला कार्यालयों—पाली, बीकानेर एवं श्रीगंगानगर में तत्काल प्रभाव से उपलब्ध होगी।
“निधि मित्र” सेल प्रत्येक शनिवार प्रातः 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक संबंधित क्षेत्रीय/जिला कार्यालय में कार्यरत रहेगा। इस पहल का उद्देश्य सदस्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, सरल एवं प्रभावी बनाना तथा ईपीएफओ सदस्यों को विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करना है।
इस सेल के माध्यम से विशेष रूप से भविष्य निधि से संबंधित दावों (Claims) एवं आवेदनों को दाखिल करने में मार्गदर्शन तथा ईपीएफओ की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने में आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, ईपीएफओ पोर्टल का उपयोग करते समय सदस्यों द्वारा सामना की जाने वाली बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. अजय सिंह चौधरी, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त, प्रथम/प्रभारी अधिकारी क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर द्वारा सदस्यों, अंशदाताओं, नियोक्ताओं एवं अन्य हितधारकों से अपील की जाती है कि वे “निधि मित्र” सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं। ईपीएफओ से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, दावों एवं आवेदनों से जुड़ी आवश्यक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रत्येक शनिवार अपने संबंधित क्षेत्रीय/जिला कार्यालय में इस सुविधा का उपयोग करें।



