पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), भोपाल में हिंदी माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर हिंदी माह समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, भाषा के प्रति रुचि तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
गजलों और कविता पाठ से हिंदी के प्रति जुड़ाव का संदेशकार्यक्रम की मुख्य अतिथि चित्रांशी खरे, सहायक प्राध्यापक (हिंदी), शासकीय कन्या महाविद्यालय, सीहोर ने गजलों एवं कविता पाठ के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने साहित्यिक अभिव्यक्ति के माध्यम से हिंदी भाषा की संवेदनशीलता, सौंदर्य एवं प्रभाव को रेखांकित किया तथा हिंदी के प्रति रुचि और जुड़ाव को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. सुधीर शर्मा, अध्यक्ष एवं प्राध्यापक (हिंदी), शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, भोपाल ने हिंदी में अपने विचार व्यक्त करते हुए भाषा के महत्व और उसके व्यापक प्रयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
मां, मातृभूमि और मातृभाषा के सम्मान का संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. दीपक पालीवाल ने मां, मातृभूमि और मातृभाषा के सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हिंदी के प्रति सम्मान की भावना के साथ दैनिक जीवन एवं कार्य व्यवहार में इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र
हिंदी माह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अकादमिक एवं गैर-अकादमिक अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को हिंदी भाषा में लेखन, अभिव्यक्ति एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। हिंदी माह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के सफल आयोजन में राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार पाठक का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम आयोजन समिति की अध्यक्षा डॉ. रजनीश द्वारा हिंदी माह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों का समन्वय एवं मंच संचालन किया गया




