कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा आमजन के आवेदनों पर गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभिन्न माध्यमों से लगातार ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि कुछ स्थानों पर आमजन के आवेदनों पर अपेक्षित गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर ने कहा शासन के नियमों एवं निर्देशों के अनुरूप आमजन से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में तत्परता से निराकरण होना चाहिए। इसी उद्देश्य से निरीक्षण कराया गया है। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा आवश्यकता होने पर जिले की अन्य तहसीलों में भी इसी प्रकार के निरीक्षण कराए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों, मध्यान्ह भोजन, छात्रावासों, राशन दुकानों, पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कराया गया है।

कलेक्टर ने कहा इन निरीक्षणों से व्यवस्थाओं में लगातार सुधार की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने आमजन, संचालकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की कि शासन के नियमों का पालन करते हुए प्राप्त आवेदनों का सकारात्मक मानसिकता के साथ समय पर निराकरण करें, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा जिस आशा और विश्वास के साथ आमजन अपनी समस्या लेकर प्रशासन के पास आते हैं, उनके छोटे से प्रयास से भी उन्हें राहत और नई आशा मिल सकती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का प्रयास होना चाहिए कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान किया जाए।