मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी ने आज भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश में

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित पोस्ट मैट्रिक कन्या एवं बालक छात्रावास, व नवनिर्मित मेस का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से किया है।

विदिशा की पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास परिसर में नवर्निमित मेस भी शामिल हैं। यहां आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राकेश शर्मा जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरभि तिवारी, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्रीमती जैनब हमीद, निरीक्षक सुश्री नेहा आर्य, अधीक्षिका श्रीमती नीलू नरवरिया सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नवनिर्मित मेस का मुख्य उद्देश्य छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। मेस की सुविधा से छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को नियमित रूप से निर्धारित मापदंडों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के साथ उनकी पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण भी निर्मित होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण भी आवश्यक है। विद्यार्थियों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में सुविधाओं के विस्तार एवं उन्नयन के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रावास में बेहतर सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा और वे अपनी शिक्षा पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। नवनिर्मित मेस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सुविधा है।

इस अवसर पर छात्रावास की छात्राओं एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने नवनिर्मित मेस की सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं विभागीय अधिकारियों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।