भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत, जयपुर द्वारा आयोजित आंध्र प्रदेश के विशेष मीडिया दौरे के तहत राजस्थान से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विशाखापटनम पोर्ट अथॉरिटी का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य देश की बुनियादी अवसंरचना (Infrastructure) और समुद्री परिवहन क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक विकास की जमीनी हकीकत से मीडिया को रूबरू कराना है।

इस अवसर पर विशाखापटनम पोर्ट अथॉरिटी द्वारा पत्रकारों के लिए एक विशेष प्रस्तुतिका आयोजन किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से पत्रकारों को पोर्ट के दैनिक संचालन, अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।प्रस्तुति के दौरान विशेष रूप से विशाखापट्टनम इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के संचालन और वहां से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं की जानकारी दी। मीडिया दल को बताया गया कि विशाखापट्टनम इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रूज यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और अत्याधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा रहा है।

अधिकारियों ने टर्मिनल पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कस्टम्स, इमिग्रेशन, बैगेज हैंडलिंग और अत्याधुनिक लाउंज सुविधाओं के साथ-साथ आने वाले वर्षों में क्रूज पर्यटन व यात्रियों की संख्या में होने वाली संभावित वृद्धि के रोडमैप को भी साझा किया।इसके साथ ही, इस प्रस्तुति में विशाखा कंटेनर टर्मिनल के महत्वपूर्ण हिस्से को भी शामिल किया गया। मीडिया दल को अवगत कराया गया कि यह कंटेनर टर्मिनल आधुनिक बुनियादी ढांचे (जैसे पोस्ट पनामाक्स एसटीएस क्रेन और कम्प्यूटरीकृत पर्यावरण) से लैस है, जो स्थानीय हिंटरलैंड और देश के विभिन्न अंतर्देशीय कंटेनर डिपो (ICDs) तक माल (Cargo) की त्वरित और कुशल आवाजाही सुनिश्चित करता है।

इसके अतिरिक्त, मीडिया दल को पोर्ट की क्षमता विस्तार, पर्यावरण अनुकूल (Green Port) पहलों, डिजिटलीकरण और सागरमाला परियोजना के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरे के माध्यम से राजस्थान के पत्रकारों को समुद्री माल ढुलाई के साथ-साथ विशाखापट्टनम इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के माध्यम से देश के क्रूज पर्यटन एवं यात्री परिवहन क्षेत्र में हो रहे तकनीकी व ढांचागत बदलावों को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विशाखापट्टनम इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल परिसर, कंटेनर टर्मिनल क्षेत्र और पोर्ट के विभिन्न संचालन प्रणालियों का जमीनी अवलोकन भी किया।