लखनऊ और केरलम् के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मीडिया टूर के दूसरे दिन केरलम् से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल ने बाराबंकी जनपद का दौरा कर प्रगतिशील किसान एवं पद्मश्री से सम्मानित रामसरन वर्मा से भेंट की। इस दौरान उन्होंने फसल विविधीकरण, उच्च घनत्व बागवानी, उन्नत बीजों के उपयोग तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से सीमित भूमि में अधिक उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के अपने सफल मॉडल की जानकारी साझा की।

रामसरन वर्मा ने किसानों से पारंपरिक खेती के तौर-तरीकों से आगे बढ़कर कृषि को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि में नवीन तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों के प्रभावी उपयोग को किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

सीमित संसाधनों से कृषि क्षेत्र में अपनी यात्रा शुरू करने वाले रामसरन वर्मा आज देशभर के किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उनका फार्म आधुनिक कृषि तकनीकों के मॉडल एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है, जहां विभिन्न राज्यों से किसान और विद्यार्थी उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण प्राप्त करने आते हैं।

उल्लेखनीय है कि यह मीडिया टूर भारत सरकार की डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन (DCID) योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रदर्शित एवं प्रसारित करना है।