सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लक्ष्मी स्मृति मंगल भवन, पांढुर्णा में विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 665 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच एवं निराकरण की कार्यवाही शिविर स्थल पर ही प्रारंभ की गई।

शिविर में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अलका एक्का, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री विनय प्रकाश ठाकुर, पूर्व शिक्षा मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री नाना भाऊ मोहोड़, श्रीमती सुनंदा डोंगरे, श्रीमती ललिता कुमरे, जिला पंचायत सदस्य तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घातोड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

वृद्धावस्था पेंशन के तीन प्रकरण तत्काल स्वीकृत

शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत प्राप्त वृद्धावस्था पेंशन के पात्र हितग्राहियों श्रीमती सुमन डोंगरे निवासी गोर्लिखापा, श्री रामेश्वर देशमुख निवासी सिराठा एवं श्री दिलीप चौहान निवासी देवखापा के आवेदन तत्काल स्वीकृत किए गए। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए तथा संबंधित प्रकरणों को शासन के पोर्टल पर भी दर्ज किया गया।

विभिन्न विभागों से प्राप्त हुए आवेदन

शिविर में राजस्व विभाग से सर्वाधिक 302 आवेदन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 80, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग से 52, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 50, महिला एवं बाल विकास विभाग से 38, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से 26, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से 21, ऊर्जा विभाग से 9, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग से 8, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से 5, उच्च शिक्षा विभाग से 4, सहकारिता विभाग से 2 तथा श्रम एवं स्कूल शिक्षा विभाग से 1-1 आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा मत्स्य पालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा कुटीर एवं ग्रामोद्योग सहित अन्य विभागों से भी नागरिकों के आवेदन प्राप्त हुए।

योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं के निराकरण पर जोर

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी नागरिकों को दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की। सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक सहज, सरल एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना है।