सेवा संकल्प अभियान- 2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत नगर पालिका परिषद गोटेगांव द्वारा स्वच्छता में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। वहीं चांवरपाठा में खेल गतिविधियों का आयोजन कर नागरिकों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
गोटेगांव में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर नागरिकों को किया जागरूक
नगर पालिका परिषद गोटेगांव द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पूनम जितेंद्र ठाकुर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सतेंद्र सालवार के निर्देशानुसार नगरीय क्षेत्र के व्यावसायिक एवं रहवासी वार्डों में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। निकाय की टीम ने नागरिकों से संवाद कर स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं कचरा प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी।
अभियान के दौरान नागरिकों को कचरे के वर्गीकरण एवं डस्टबिन के प्रकार के बारे में बताया गया। नागरिकों को समझाइश दी गई कि कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग किया जाए तथा गीले एवं सूखे कचरे की पहचान कर उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गीले कचरे का उपयोग घर पर ही जैविक खाद बनाने में करने तथा तैयार खाद का उपयोग किचन गार्डन में करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। निकाय की टीम ने नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील की।
आओ, बनाएं मटका खाद’ प्रतियोगिता का शुभारंभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आओ, बनाएं मटका खाद’ थीम पर प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से नागरिकों को घर पर ही गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अपने घर पर मटका खाद तैयार करने वाले नागरिकों को निकाय की आईईसी टीम द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप उपहार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करें तथा गीले कचरे का उपयोग जैविक खाद बनाने में कर स्वच्छ एवं सुंदर गोटेगांव के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
चांवरपाठा में खेल गतिविधियों का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चांवरपाठा में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने तथा खेलों में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वच्छता, जनभागीदारी, स्वास्थ्य, खेल एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से स्वस्थ, स्वच्छ एवं जागरूक समाज के निर्माण को बढ़ावा देना है।

