अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में रेड क्रॉस भवन, सीता सागर के पास, दतिया स्थित आनंद डे-केयर सेंटर में वरिष्ठजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना तथा उनके स्वस्थ, सम्मानजनक एवं खुशहाल जीवन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर वरिष्ठजनों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य परीक्षण, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता, गीत-संगीत, मनोरंजनात्मक गतिविधियां, संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। आनंद डे-केयर सेंटर में वरिष्ठजनों के लिए नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यहां वरिष्ठजन आपस में संवाद करने के साथ-साथ योग, मनोरंजन, पठन-पाठन एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता करते हैं। केंद्र का उद्देश्य वरिष्ठजनों को अकेलेपन से दूर रखते हुए उन्हें सामाजिक जुड़ाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं प्रसन्न वातावरण उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस का यह आयोजन समाज में वरिष्ठजनों के अनुभव, योगदान एवं गरिमा के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश देगा। “वरिष्ठजनों का सम्मान - यही है दतिया की पहचान” के भाव के साथ आयोजित यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का संदेश देगा।